जनजातीय गौरव दिवस : प्रशासनिक स्तर पर मनी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जनजातीय गौरव दिवस : प्रशासनिक स्तर पर मनी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती
डीडीसी ने चार अनुसूचित जनजातीय महिलाओं के बीच किया चेक वितरण
कौआकोल(नवादा): धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती शुक्रवार को कौआकोल प्रखण्ड में प्रशासनिक स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रखण्ड मुख्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन कर भगवान बिरसा मुंडा को याद किया गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गई। कौआकोल बीडीओ डॉ० अखिलेश कुमार की अध्यक्षता एवं सेवानिवृत्त पूर्व प्रधानाध्यापक राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित अनूप प्रसाद यादव के संचालन में आयोजित जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नवादा के डीडीसी प्रियंका रानी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने द्वीप प्रज्वलित कर एवं बिरसा मुंडा के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण एवं द्वीप जलाकर किया। इसके बाद कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जनजाति की महिलाओं ने परम्परागत नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान डीडीसी ने बिरसा मुंडा की जयंती पर भारतीय स्वतंत्रता में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति के चार समूह के बीच डीडीसी ने जीविका के सहयोग से बकरीपालन एवं राशन दुकान को लेकर चेक का वितरण किया। अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के नोडल पदाधिकारी साजन स्नेही ने बताया कि नगीना अनुसूचित जनजाति समूह झिलार की महिलाओं तथा सहारा समूह गायघाट की दो टीम की महिलाओं के बीच बकरीपालन को लेकर 27 हजार की दर से 81 हजार रुपये का चेक दिया गया। जबकि चमेली अनुसूचित जनजाति समूह गायघाट की महिलाओं के बीच राशन दुकान को लेकर 45 हजार का चेक वितरण किया गया। इसके बाद डीडीसी ने राजस्व विभाग,समाज कल्याण विभाग,बाल विकास परियोजना,स्वास्थ्य,मनरेगा,पीएम आवास,जीविका,डीबीजीबी बैंकिंग,आयुष्मान कार्ड,स्वच्छता आदि विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश प्रिय रंजन,अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी सुबोध कुमार,सीओ मनीष कुमार,ग्राम निर्माण मण्डल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार,सीडीपीओ अंजली कुमारी,बीईओ सुशील कुमार,बीपीआरओ शमा बानो,प्रखण्ड कल्याण पदाधिकारी लोकेश कुमार चौधरी आदि मौजूद थे।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space